CTN PRESS

CTN PRESS

NEWS & BLOGS EXCLUCIVELY FOR INFORMATION TO ENGINEERS & VALUERS COMMUNITY

Cyclone Tauktae Live Imd Rain Alert Cyclone Live Tracking And Weather Updates Of Maharashtra Gujarat – Tauktae Cyclone Live: मुंबई एयरपोर्ट आठ बजे तक बंद, गुजरात के 14 जिलों में अलर्ट

06:44 PM, 17-May-2021

कोंकण में किसानों की फसलों को नुकसान हुआ: नवाब मलिक

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता नवाब मलिक ने सोमवार को कहा कि चक्रवाती तूफान ताउते के कारण राज्य के कोंकण क्षेत्र के किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। तूफान की वजह से हुई भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मलिक ने कहा कि मुंबई में भारी बारिश के कारण कोविड-19 के 193 मरीजों को बांद्रा-कुर्ला कॉम्पलेक्स में बनाए गए अस्थायी केंद्र में स्थानांतरित किया गया है।

06:19 PM, 17-May-2021

गुजरात के 14 जिलों में अलर्ट

ताउते तूफान को देखते हुए गुजरात के 14 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि गुजरात सरकार अब तक उन विभिन्न जिलों में तटीय क्षेत्र से 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले 1.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज चुकी है, जहां चक्रवाती तूफान से नुकसान की आशंका है। विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की कुल 44 टीमों को पुलिस और स्थानीय अधिकारियों के साथ तटीय क्षेत्रों में तैनात किया गया है।

06:08 PM, 17-May-2021

कर्नाटक: समुद्र में फंसे नौ लोग बचाए गए

चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से समुद्र में फंसे एक नाव पर सवार लोगों को बचाने को लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि सभी नौ लोगों को बचा लिया गया है। उन्होंने कहा कि देर रात और सुबह बचाने की सभी कोशिशें की गई थीं। सभी लोग सुरक्षित और स्वस्थ हैं, मैं सभी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने सहयोग किया।

05:59 PM, 17-May-2021

मुंबई पुलिस पूरी तरह सतर्क

तूफान ‘ताउते’ के गुजरात की ओर बढ़ने के बीच सोमवार को मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में बहुत तेज हवाओं के साथ बारिश के मद्देनजर यहां पुलिसकर्मियों को हाईअलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही संचार एवं बाढ़ संबंधी जीवन रक्षक उपकरणों को तैयार रखा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यहां थानों और यातायात चौकियों पर पर्याप्त पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं। अधिकारी ने कहा, सभी थानों और चौकियों से यह सुनिश्चित करने कहा गया है कि वायरलेस सेटों, सार्वजनिक संबोधन तंत्रों जैसे संचार उपकरण सही से काम कर रहे हों। ऐसा ही निर्देश लाईफ जैकेट, प्राथमिक उपचार किट, रस्सियों, आपात लाईट व्यवस्था, स्ट्रेचर आदि जैसे जीवन रक्षक व बचाव उपकरणों तथा वाहनों के संदर्भ में भी दिए गए हैं।’’

05:47 PM, 17-May-2021

आठ बजे तक बंद रहेगा मुंबई एयरपोर्ट

चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से मुंबई एयरपोर्ट की बंदी का समय बढ़ा दिया गया है। अब एयरपोर्ट के रात आठ बजे तक बंद करने का फैसला किया गया है। पहले यह समय शाम छह बजे तक तय किया गया था।

05:31 PM, 17-May-2021

कर्नाटक में 121 गांव प्रभावित, छह लोगों की मौत

कर्नाटक में चक्रवात ताउते की वजह से प्रभावित तटीय और मलनाड जिले में अब तक छह लोगों की मौत हो गई। कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से स्थिति को लेकर जारी रिपोर्ट में बताया गया कि आज सुबह तक 121 गांव और तालुका चक्रवात से प्रभावित हैं। बयान में बताया गया कि 547 लोगों को अब तक उनके संबंधित स्थानों से निकाला गया है और चक्रवात से लोगों को बचाने के लिए यहां खोले गए 13 राहत शिविरों में 290 लोग शरण लिए हुए हैं।

05:26 PM, 17-May-2021

तटरक्षक बल ने 15 लोगों को बचाया

भारतीय तटरक्षक बल के जहाज समर्थ ने गोवा के तट पर एक (डिस्ट्रेस कॉल) संकट संकेत पर जवाब देते हुए मछुआरों की नाव पर सवार 15 लोगों को बचाया। बल ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं और नाव को तट की ओर लाया जा रहा है।

05:12 PM, 17-May-2021

रक्षा मंत्री ने की सैन्य बलों की तैयारियों की समीक्षा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ताउते की वजह से बनने वाली स्थितियों से निपटने के लिए नागरिक अधिकारियों को सैन्य बलों की ओर से दी जाने वाली सहायता की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने तैयारियों का जायजा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई एक बैठक में लिया।

05:09 PM, 17-May-2021

मुंबई तट से दूर चली गईं दो नौकाएं, 410 लोग हैं सवार

‘ताउते’ के भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने और सोमवार शाम तक गुजरात की ओर बढ़ने की संभावनाओं के बीच 410 यात्रियों वाली दो नौकाएं मुंबई तट से दूर चली गई हैं।

05:04 PM, 17-May-2021

मुंबई: तेज बारिश-आंधी में उखड़ गए पेड़

मुंबई में तेज बारिश और आंधी के चलते शिवसेना भवन के पास कई पेड़ और एक बिजली का खंभा उखड़ गया। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने बताया कि कोंकण क्षेत्र में चक्रवाती तूफान के कारण काफी पेड़ उखड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि चक्रवात का प्रभाव कम होने पर सरकार प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए अतिरिक्त टीम और कर्मियों को भेजेगी। पवार ने लोगों को बिना किसी कारण अपने घरों से नहीं निकलने की सलाह दी।

05:02 PM, 17-May-2021

गुजरात-गोवा के मुख्यमंत्रियों से पीएम ने की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताउते तूफान की स्थिति को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से फोन पर बात की और तैयारियों का जायजा लिया। गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रदानमंत्री ने इस संकट से निपटने के लिए राज्य को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से और दमन एवं दीव के एलजी से भी बात की।

04:57 PM, 17-May-2021

पुणे से रवाना हुए दो एनडीआरएफ दल

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने बताया है कि पुणे एनडीआरएफ के दो दल दमन एवं दीव और दादरा एवं नगर हवेली के लिए रवाना हुए हैं। ये दल वहां बचाव और राहत कार्यों में मदद करेंगे।

04:40 PM, 17-May-2021

बॉम्बे हाई के बजरे का लंगर हटा, सभी लोग सुरक्षित

सरकारी तेल कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने सोमवार को बताया कि अरब सागर में आए चक्रवातीय तूफान ‘ताउते’ के कारण बंबई हाई तेल क्षेत्र में अपतटीय उत्खनन के लिए तैनात उसके बजरे का लंगर हट गया और वह समुद्र में बहने लगा। उस पर 261 लोग सवार थे। कंपनी के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि बजरे ‘पी305’ पर सवार सभी 261 लोग सुरक्षित थे और बजरे को भी बहने से रोक लिया गया।

04:24 PM, 17-May-2021

मुंबई में 114 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार की आंधी

चक्रवाती तूफान ताउते के कारण मुंबई में सोमवार अपराह्न 114 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने बताया कि आज दिन भर में यह सबसे तेज आंधी है। बीएमसी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में अफगान चर्च स्थित मौमस विभाग के केंद्र ने दोपहर करीब दो बजे हवा की रफ्तार 114 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की। बीएमसी ने मुंबई में मौसम निगरानी के लिए 60 स्वचालित (ऑटोमैटिक) मौसम केंद्र बनाए हैं।

04:04 PM, 17-May-2021

अहमदाबाद: धोलेरा से 962 लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

गुजरात के अहमदाबाद जिले के कलेक्टर संदीप सागले ने बताया कि धोलेरा से 962 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। यहां कुल 38 शेल्टर हैं। उन्होंने बताया कि शेल्टर में भेजे जाने से पहले सभी लोगों की रैपिड एंटीजेन जांच कराई गई है। शेल्टरों में सभी कोविड दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। सागने ने बताया कि अहमदाबाद के छह गांवों में छह ऐसे शेल्टर हैं जिनमें 2400 लोगों को रखने की सुविधा है।

Source link

error: Content is protected !!
Scroll to Top